MP Crime : इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में सोशल मीडिया पर रील बनाने के बहाने 10 लाख रुपये लेकर एक महिला के फरार होने का मामला सामने आया है। सराफा बाजार की ज्वैलरी दुकान में मैनेजर के पद पर कार्यरत युवक ने अपनी पुरानी परिचित महिला पर रुपये लेकर भागने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद एमजी रोड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बैंक में जमा करने जा रहा था नकदी

पुलिस के मुताबिक, फरियादी अंकित उपाध्याय ज्वैलरी दुकान का कैश कलेक्शन लेकर बैंक में जमा करने जा रहे थे। उनके पास 10 लाख रुपये नकद थे। इसी दौरान बीआरपी लाइन के पास उनकी मुलाकात पुरानी परिचित महिला आयुषी से हुई। बातचीत के दौरान महिला को नकदी के बारे में जानकारी मिली।

नोटों के साथ रील बनाने का दिया प्रस्ताव

शिकायत के अनुसार, महिला ने सोशल मीडिया के लिए नोटों की गड्डी के साथ रील बनाने की बात कही। मैनेजर ने शुरुआत में दुकान के पैसे होने की वजह से इनकार किया, लेकिन आरोप है कि महिला ने भरोसा दिलाकर रुपयों से भरा बैग अपने हाथ में ले लिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद अंकित ने एमजी रोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में अमानत में खयानत और धोखाधड़ी से संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और महिला की तलाश में जुटी है।

Tags: