MP Crime : पत्नी के लग्जरी शौक पूरे करने शोरूम कर्मचारी ने उड़ाई 23 लाख की कार, GPS ने खोली चोरी की पोल
भोपाल में फॉक्सवैगन शोरूम से ग्राहक के नाम पर बुक कार लेकर फरार हुआ कर्मचारी, GPS ट्रैकिंग से पकड़ा गया आरोपी, चोरी की लग्जरी कार बरामद।
MP Crime : भोपाल। पत्नी को महंगी कारों में घूमने का शौक था और इसी शौक को पूरा करने के लिए पति ने ऐसा कदम उठाया कि खुद सलाखों के पीछे पहुंच गया। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक कार शोरूम के कर्मचारी ने ग्राहक के नाम पर लग्जरी कार बुक कराई और फिर टेस्ट ड्राइव व डिलीवरी के बहाने उसे लेकर फरार हो गया। चोरी हुई कार की कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, आरोपी की चालाकी ज्यादा देर तक काम नहीं आई और GPS लोकेशन ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
ग्राहक के नाम पर बुक कराई थी कार
मामला फॉक्सवैगन (Volkswagen) शोरूम का है। पुलिस के मुताबिक, गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद पिछले करीब एक साल से शोरूम में कर्मचारी के रूप में काम कर रहा था। उसने एक ग्राहक के नाम पर Volkswagen Virtus GT कार की बुकिंग कराई। इसके बाद मौका देखकर कार को शोरूम से बाहर ले गया और वापस नहीं लौटा। शोरूम प्रबंधन को चोरी का पता तब चला, जब वाहनों के स्टॉक का मिलान किया गया। करीब 23 लाख रुपये की कार गायब मिलने पर प्रबंधन ने अशोका गार्डन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
GPS लोकेशन ने पहुंचाया पुलिस को कार तक
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। कार में लगे GPS की मदद से उसकी लोकेशन ट्रैक की गई, जो आशिमा मॉल के पास मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो कार आरोपी की पत्नी चलाती हुई मिली। इसके बाद जांच की कड़ियां शोरूम कर्मचारी गजेंद्र तक पहुंच गईं।
पत्नी के शौक के लिए रची चोरी की साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की पत्नी को महंगी और लग्जरी कारों में घूमने का शौक था। इसी शौक को पूरा करने के लिए आरोपी ने अपने ही शोरूम को निशाना बनाया और कार चोरी कर ली। अशोका गार्डन थाना पुलिस ने आरोपी गजेंद्र को गिरफ्तार कर चोरी की गई 23 लाख रुपये की Volkswagen Virtus GT कार बरामद कर ली है।