MP Crime : काला ईरानी गैंग पर बड़ा एक्शन, 27 किलो चांदी लूटकांड के दो आरोपी शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार

वाराणसी में पुलिस की जवाबी कार्रवाई, दोनों आरोपियों के पैरों में लगी गोली; 4 किलो चांदी, नकदी, तमंचे और कारतूस बरामद.

Update: 2026-08-07 11:27 GMT

MP Crime : भोपाल। कुख्यात काला ईरानी गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वाराणसी पुलिस ने 27 किलो चांदी लूटकांड में फरार चल रहे गैंग के दो कथित आरोपियों शाबिर और माशाअल्लाह को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर 27 किलो चांदी की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस को उनकी तलाश लंबे समय से थी। वाराणसी पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 4 किलो चांदी, 15,020 रुपये नकद, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों को पकड़ने के दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।



 

भोपाल के काला ईरानी गैंग से जुड़े तार

जांच में दोनों आरोपियों के भोपाल के काला ईरानी गैंग से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। यह गैंग अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय रहा है और इसके सदस्यों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली समेत कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि गैंगस्टर काला ईरानी को करीब सात साल बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस उसके नेटवर्क और सहयोगियों पर भी शिकंजा कस रही है।

कई राज्यों में फैले नेटवर्क की जांच तेज

वाराणसी पुलिस की कार्रवाई के बाद काला ईरानी गैंग के पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है। भोपाल पुलिस ने वाराणसी पुलिस के साथ गैंग की क्राइम हिस्ट्री और आपराधिक नेटवर्क से जुड़ी जानकारी साझा की है। भोपाल कमिश्नरेट के जोन-डीसीपी आदर्शकांत शुक्ला ने कार्रवाई से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि अंतरराज्यीय गैंग के खिलाफ विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय के साथ कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News