MP Crime : शराब पार्टी के बाद दोस्त बना कातिल, मामूली विवाद में युवक की हत्या कर जंगल में फेंकी लाश, दो गिरफ्तार

Update: 2026-07-31 15:42 GMT

MP Crime : सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में शराब के नशे में हुआ मामूली विवाद एक युवक की हत्या तक पहुंच गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी और उसके साथ शामिल एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि दोनों ने युवक के साथ मारपीट करने के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया, जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक मझौली थाना क्षेत्र के खरबर गांव का निवासी था और उसका छत्तीसगढ़ सीमा से लगे गांव में रिश्तेदारी के कारण आना-जाना था। घटना वाले दिन वह नदी पार कर छत्तीसगढ़ गया था। इसी दौरान शराब पीने के दौरान उसका दो लोगों से विवाद हो गया, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर तीनों बिटुखुरी जंगल की ओर पहुंचे, जहां आरोपी और उसके नाबालिग साथी ने युवक के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद घायल युवक को जंगल में छोड़कर दोनों मौके से फरार हो गए। कुछ समय बाद जंगल में युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद मारपीट की बात सामने आई है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। 

Tags:    

Similar News