MP Accident : तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंदा, इलाज के दौरान मौत
बाणगंगा थाना क्षेत्र में हादसे के बाद मचा हड़कंप, कार चालक वाहन छोड़कर फरार; CCTV फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस
MP Accident : इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बाणगंगा थाना क्षेत्र में बेकाबू कार ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रवि सोनेरे और नंदकिशोर सोलंकी के रूप में हुई है। दोनों दोस्त बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे तीन ठेलों को रौंदते हुए जा घुसी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।