MP Accident : धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में धरमपुरी-मांडू मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तारापुर के पास गिट्टी खदान के नजदीक मारुति ईको कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, कार धरमपुरी से मांडू की ओर जा रही थी। इसी दौरान तारापुर के पास गिट्टी खदान के नजदीक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही धरमपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए धामनोद के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विक्की, भुरेसिंह और गौतम के रूप में हुई है। तीनों मांडव के निवासी थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Tags: