MP News : फोटो को लेकर विवाद के बाद युवक ने की आत्महत्या, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

पन्ना में शादी समारोह के दौरान हुआ पति-पत्नी का विवाद बना दुखद अंत की वजह

Update: 2026-07-03 11:42 GMT

MP News : पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से शादी वाले घर की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं और पूरे परिवार में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, छतरपुर निवासी 36 वर्षीय कैलाश प्रजापति अपने साले के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए मड़ला आया था। शादी की रस्मों के दौरान उसकी पत्नी ने परिवार के एक रिश्तेदार के साथ फोटो खिंचवाई। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। परिजनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन बताया जा रहा है कि कैलाश इस घटना से मानसिक रूप से परेशान था।

कुछ देर बाद कैलाश शौच जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन पन्ना टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित कोर क्षेत्र जमुनिया में चरवाहों ने एक पेड़ से उसका शव लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक है और शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

Tags:    

Similar News