MP News : मवेशी चराकर लौट रहे दो मासूमों की तााब में डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम
हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
MP News : सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। रहली थाना क्षेत्र में मवेशी चराकर घर लौट रहे दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बलेह चौकी अंतर्गत ग्राम गुड़ा खुर्द के पास रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के मोहली बीट स्थित चंदेना तालाब के किनारे 11 वर्षीय लवकुश सिंह आदिवासी और 12 वर्षीय शिवम यादव अपने एक साथी के साथ मवेशियों को लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान तालाब किनारे फिसलन भरे पत्थर पर पैर फिसलने से दोनों बच्चे गहरे पानी में जा गिरे।
घटना को देख उनके साथ मौजूद तीसरे बच्चे ने गांव पहुंचकर लोगों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि शिवम अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जबकि दोनों बच्चों के पिता मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।