MP News : पिपरिया। नगर से सटे ग्राम झिरिया में आज एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बाघ ने एक 39 वर्षीय युवक पर हमला कर उसे जंगल के भीतर ले जाकर मार डाला। बताया जा रहा है कि बाघ युवक को करीब 100 से 200 मीटर तक घसीटते हुए झाड़ियों में ले गया और वहां उसका शिकार किया।

घटना की सूचना मिलते ही सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की शिनाख्त कमल काकोडिया 39 वर्ष, निवासी ग्राम झिरिया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार कमल मिलिट्री मेश में खाना बनाने का काम करता था और हर 15 दिन में घर आता था। वह कल ही पचमढ़ी से अपने गांव झिरिया लौटा था।

मृतक के भाई लालजी ने बताया कि सुबह वन विभाग से सूचना मिली कि उनके भाई की मौत हो गई है। उन्होंने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गांव से सटे जंगल क्षेत्र में न तो फेंसिंग करवाई गई है और न ही जंगली जानवरों की आवाजाही रोकने के पुख्ता इंतजाम हैं, जबकि यहां अक्सर वन्य जीव दिखाई देते रहते हैं।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग की ओर से परिजनों को 25,000 की अंत्येष्टि सहायता राशि प्रदान की गई है। मृतक का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया में किया जा रहा है।

Tags: