MP News : एक-दूसरे को बचाने कुएं में उतरीं 3 बहनें, तीनों की डूबने से हुई मौत
ग्राम सगौर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया।
MP News : रायसेन। गैरतगंज तहसील के ग्राम सगौर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। पानी भरने गई तीन मासूम बच्चियां कुएं में डूब गईं। एक बच्ची को बचाने के प्रयास में दूसरी और फिर तीसरी बच्ची भी पानी में उतर गई, लेकिन तीनों की जान नहीं बच सकी।
जानकारी के अनुसार, गांव की चार बच्चियां सुबह करीब 11 बजे गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित कुएं पर पानी भरने गई थीं। इसी दौरान एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के लिए दूसरी बच्ची कुएं में उतरी, लेकिन वह भी डूबने लगी। इसके बाद तीसरी बच्ची भी दोनों को बचाने के लिए पानी में उतर गई और तीनों कुएं में समा गईं।
घटना के समय उनके साथ मौजूद चौथी बच्ची अमीना घबराकर गांव पहुंची और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत गैरतगंज सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्चियों की पहचान राधा (12 वर्ष), तनु (13 वर्ष) और अमृता (12 वर्ष) के रूप में हुई है। राधा और तनु आपस में बहनें थीं। घटना के बाद अस्पताल परिसर और गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर गढ़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।