MP News : रेलवे ट्रैक पर पुलिसकर्मी ने दी जान, पारिवारिक विवाद से तनाव में था सिपाही
मौके पर एक स्कूटी भी खड़ी मिली, जिस पर पुलिस लिखा हुआ था।
MP News : निवाड़ी। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक पुलिसकर्मी ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर एक स्कूटी भी खड़ी मिली, जिस पर पुलिस लिखा हुआ था।
सूचना मिलते ही की कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान कुलदीप गौतम के रूप में हुई है, जो तरीचर कला चौकी में ड्राइवर पद पर पदस्थ थे। वह निवाड़ी पुलिस कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुलदीप गौतम पिछले कुछ समय से पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर मानसिक तनाव में थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने रात में तरीचर कला चौकी प्रभारी को घर जाने के लिए छुट्टी का आवेदन दिया था।
चौकी से घर जाने की बात कहकर निकले सिपाही ने बाद में यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।