MP News : सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक रहस्यमयी हादसे ने सनसनी फैला दी है। सानौधा थाना क्षेत्र के टोल नाके के पास चलती कार में अचानक आग लगने से महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसके डॉक्टर पति सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना के बाद मृतिका के परिजनों ने पूरे मामले में गंभीर संदेह जताया है।

जानकारी के अनुसार, गढ़ाकोटा निवासी डॉ. नीलेश कुर्मी अपनी पत्नी सीमा कुर्मी के साथ सागर आ रहे थे। चनाटोरिया के पास अचानक कार में आग भड़क उठी। डॉक्टर के मुताबिक, वह किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन उनकी पत्नी कार से बाहर नहीं निकल सकीं और जलने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, मृतिका के भाई लोकेश पटेल ने इस घटना पर सवाल खड़े किए हैं।

उनका कहना है कि अगर यह सड़क हादसा होता, तो घटनास्थल पर उसके स्पष्ट निशान मिलते। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बहन को या तो बेहोश कर कार में लाया गया था या फिर पहले ही उसकी हत्या कर दी गई थी। लोकेश ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 4 बजे उनके जीजा का फोन आया था, जिसमें उन्होंने सीमा को हार्ट अटैक आने की बात कही और सागर के अस्पताल ले जाने की जानकारी दी।

इसके कुछ देर बाद एक्सीडेंट और फिर कार में आग लगने की सूचना दी गई। परिजनों का आरोप है कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जिससे इस घटना पर शक और गहरा गया है। इधर, सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर के अनुसार, कार में आग लगने से महिला की मौत हुई है। मौके पर एफएसएल टीम साक्ष्य जुटा रही है और हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के पीछे की सच्चाई जानने के लिए जांच जारी है।

Tags: