MP News : नकाबपोशों की बड़ी डकैती, बंदूक की नोक पर परिवार को बनाया बंधक, 15 लाख की नगदी-जेवरात लेकर फरार

वारदात के बाद आरोपी महिला को बेहोश कर मौके से फरार हो गए।

Update: 2026-07-12 16:17 GMT

MP News : मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में देर रात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने महिला के बेटे को बंदूक की नोक पर लेकर पूरे परिवार को दहशत में डाल दिया और महिला से ही घर में रखी नगदी व सोने-चांदी के जेवरात निकलवाए। वारदात के बाद आरोपी महिला को बेहोश कर मौके से फरार हो गए।

घटना चिन्नोनी थाना क्षेत्र के बर्रेंड गांव स्थित कोरी का पुरा की है। पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाश करीब 10 लाख रुपये नकद और लगभग 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण अपने साथ ले गए। परिवार ने बताया कि नकदी जमीन खरीदने के लिए घर में रखी गई थी।

बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के बाहर महिला के ससुर, एक बच्ची और अन्य परिजन सो रहे थे, जबकि बदमाश अंदर घुसकर वारदात को अंजाम देते रहे। सुबह महिला के बेहोश मिलने पर परिजन उसे कैलारस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां होश आने पर उसने पूरी घटना की जानकारी दी।

पीड़िता का दावा है कि बदमाश बेहद सतर्क थे और उन्होंने फिंगरप्रिंट छोड़ने से बचने के लिए घर में किसी भी सामान को सीधे हाथ से नहीं छुआ। इससे पुलिस को आशंका है कि वारदात को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया गया।

सूचना मिलते ही चिन्नोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही वारदात के हर पहलू की जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Tags:    

Similar News