MP News : लोकायुक्त की कार्रवाई, नामांतरण के बदले 30 हजार की घूस लेते पटवारी गिरफ्तार

जमीन बंटवारा और फौती प्रकरण में रिश्वत मांगने की शिकायत सही निकली, तहसील कार्यालय के पास रंगे हाथों हुई गिरफ्तारी

Update: 2026-07-09 16:07 GMT

MP News : शमशाबाद। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नटेरन में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जमीन के बंटवारे, नामांतरण और फौती प्रकरण में कार्रवाई के बदले घूस मांगने का आरोप है।

लोकायुक्त के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रमेन्द्र धाकड़ ने भोपाल लोकायुक्त से शिकायत की थी कि पटवारी संदीप यादव पारिवारिक भूमि के बंटवारा, नामांतरण और फौती संबंधी प्रकरण में काम करने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है।

शिकायत का सत्यापन कराने पर आरोप सही पाए गए। इसके बाद 9 जुलाई को लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। तहसील कार्यालय के पीछे स्थित आरोपी के निजी कार्यालय में जैसे ही पटवारी ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया।

लोकायुक्त ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Tags:    

Similar News