MP News : छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम के रिकॉर्ड सेक्शन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे उठे धुएं को देख पुलिसकर्मी सतर्क हुए और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

मौके पर मौजूद जवानों ने शुरुआती प्रयास किए, वहीं सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भी पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि इस दौरान वर्षों से संजोकर रखा गया महत्वपूर्ण रिकॉर्ड पूरी तरह जलकर राख हो गया।

बताया जा रहा है कि जिस रिकॉर्ड रूम में आग लगी, उसके पास ही पुलिस विभाग का साइबर सेल और इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल सिस्टम भी मौजूद था। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो पूरा कम्युनिकेशन नेटवर्क ठप हो सकता था और नुकसान कहीं ज्यादा बड़ा हो सकता था।

फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। यह घटना हादसा है या किसी साजिश का हिस्सा, इसको लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारी मामले की हर एंगल से पड़ताल कर रहे हैं।

Tags: