MP News : सरकारी क्वार्टर में फंदे पर लटका मिला आरक्षक का शव, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।

Update: 2026-06-08 11:57 GMT

MP News : मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से एक दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। बम्हनी बंजर थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में एक आरक्षक का शव फंदे से लटके मिलने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, मंडला पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक सुनील सरयाम (40 वर्ष) ने थाना परिसर में बने सरकारी क्वार्टर में कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह है कि घटना के समय परिवार के सदस्य उसी आवास के दूसरे कमरे में मौजूद थे, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।

मृतक आरक्षक मंडला जिले के आदेगांव थाना क्षेत्र के पतलोन गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Tags:    

Similar News