MP News : पत्नी से वीडियो कॉल पर बात करते-करते उठाया खौफनाक कदम, सरकारी क्वार्टर में मिली कॉन्स्टेबल की लाश

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना से ठीक पहले वह अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था।

Update: 2026-06-13 09:17 GMT

MP News : ग्वालियर। मध्य प्रदेश पुलिस के एक जवान की आत्महत्या की घटना ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है। ग्वालियर जिले के डबरा सिटी थाने में पदस्थ कॉन्स्टेबल ने शुक्रवार देर रात अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर जान दे दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना से ठीक पहले वह अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था।

मृतक की पहचान मुरैना जिले के पोरसा निवासी राघवेंद्र तोमर के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग एक वर्ष से डबरा सिटी थाने में कार्यरत थे और थाना परिसर के पीछे बने सरकारी क्वार्टर में रहते थे। बताया जा रहा है कि उन्हें अनुकंपा नियुक्ति मिली थी और उनके परिवार में पत्नी सहित दो बच्चे हैं।

परिजनों के अनुसार, देर रात करीब 11 बजे राघवेंद्र अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे परिवार सदमे में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी ने अपने देवर को सूचना दी, जिसके बाद थाने में तैनात उनके साथी पुलिसकर्मियों को अवगत कराया गया।

जब साथी कॉन्स्टेबल सरकारी क्वार्टर पहुंचे तो राघवेंद्र मृत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटनास्थल से मिले तथ्यों और परिजनों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Tags:    

Similar News