MP News : अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से एक बेहद संवेदनशील और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक ने अपनी जान दे दी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और पुलिस व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, कोतमा क्षेत्र के रहने वाले राजेश गुप्ता का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था।

जब इस बात की जानकारी लड़की के परिजनों को लगी, तो उन्होंने राजेश के साथ मारपीट की और उसे धमकाया। डरे और आहत युवक ने न्याय की उम्मीद में कोतमा थाना पहुंचकर शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि वहां उसकी बात सुनने के बजाय उसे डांटकर भगा दिया गया। इस घटना से मानसिक रूप से टूट चुके राजेश ने घर लौटकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

जैसे ही यह खबर फैली, परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। परिवार का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस शिकायत दर्ज कर कार्रवाई करती, तो शायद आज राजेश जिंदा होता। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद हालात को शांत कराया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

Tags: