MP Crime : जूते पहनकर गुजरने पर आदिवासी युवक की पीट-पीटकर हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार
इतना तूल पकड़ लिया कि एक आदिवासी युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
MP Crime : सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बरगवां थाना क्षेत्र के कन्नई गांव में मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि एक आदिवासी युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान विष्णु बैगा के रूप में हुई है, जो अपने गांव गुल्ली डांड से कन्नई पाही में आयोजित छठी बरही कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में वह रवि ढाबे के पास रुका, जहां जूते पहनकर गुजरने की बात को लेकर उसकी विक्रम बैस और केशव बैस से कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ा कि दोनों आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से विष्णु पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन तत्काल बैढ़न के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
बरगवां एसडीओपी गौरव पांडेय के अनुसार, पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन पीड़ित की मौत के बाद धारा बदलकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।