MP Accident : होली पर हाईवे बना मौत का रास्ता, बुढार में ट्रेलर ने कुचला SECL कर्मचारी को, मौके पर मौत

घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

Update: 2026-03-03 15:49 GMT

MP Accident : शहडोल। रंगों का त्योहार शहडोल में मातम में बदल गया, जब बुढार नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार SECL कर्मचारी को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि कर्मचारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, अनूपपुर जिले के संजयनगर निवासी राजेंद्र प्रसाद दुबे, जो SECL में कार्यरत थे, अपने निर्माणाधीन मकान का निरीक्षण करने स्कूटी से शहडोल जा रहे थे। जैसे ही वे बुढार स्थित नेशनल हाईवे पर टाटा मोटर्स के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद वह वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रेलर को जब्त कर लिया।

अचानक हुई इस दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। होली जैसे त्योहार पर घर में रंगों की जगह मातम छा गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News