MP News : दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के सजियाहार गांव में 23 जुलाई को एक दिल दहलाने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। 28 वर्षीय सीमा पटेल ने अपनी 2 साल की बेटी अंशु के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। वहीं इस घटना से दो दिन पहले ही सीमा के पति निहाल पटेल ने अपने घर की छत से कूदकर आत्महत्या की थी। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सीमा की एक 4 साल की बड़ी बेटी भी है, जो अनाथ हो गई है।

बता दें कि सीमा के भाई धीरेंद्र पटेल, जो हिन्नाई उमरी के रहने वाले हैं, ने बताया कि मंगलवार रात को वह अपनी बहन के ससुराल में ही थे। उन्हें दूसरे कमरे में सुलाया गया और बाहर से दरवाजा लॉक कर दिया गया। धीरेंद्र ने आरोप लगाया, सुबह मुझे बताया गया कि सीमा ने अपनी बेटी अंशु के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। मुझे पूरा यकीन है कि मेरी बहन की ननद ने उसकी हत्या की और शव को कुएं में फेंक दिया। सीमा के पिता विश्वनाथ पटेल ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा, शादी में हमने 10 लाख रुपये दिए थे। पांच साल बाद भी ससुराल वाले और रुपये मांगते थे और मेरी बेटी को मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। हाल ही में मैंने 5 लाख रुपये और दिए, फिर भी उनकी प्रताड़ना नहीं रुकी।

फेसबुक पोस्ट ने बढ़ाया रहस्य-

घटना से कुछ घंटे पहले सीमा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट की थी, जिसमें लिखा था, मैं आज दुनिया छोड़कर जा रही हूं, मैं नहीं जी पा रही हूं, सब मेरी बेटी का ध्यान रखना। इसके कुछ घंटे पहले उन्होंने एक और पोस्ट में अपने पति निहाल की आत्महत्या का जिक्र करते हुए लिखा, क्या दिन थे आपके और पता ही नहीं चला आप छोड़कर चले गए। ये पोस्ट मामले को और रहस्यमयी बनाती हैं, क्योंकि यह संकेत देती हैं कि सीमा गहरे मानसिक दबाव में थीं।

पुलिस जांच में जुटी, ससुराल पक्ष पर नजर-

पथरिया थाना पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह 8 बजे सीमा के जेठ कमलेश पटेल ने सूचना दी कि उनकी बहू ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली है। थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने कहा, परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या और दहेज उत्पीड़न के आरोपों की गहन जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए, तो नियमानुसार कार्रवाई होगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या सीमा की आत्महत्या उनके पति की मौत से जुड़ी थी या इसके पीछे कोई और कारण था।

Tags: