Mahakaleshwar Temple : होली पर महाकाल मंदिर में गुलाल-रंग ले जाने पर रोक, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

By :  Dev Verma
Update: 2026-02-27 14:14 GMT

Mahakaleshwar Temple : उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में होली और धुलेड़ी पर्व को लेकर प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मंदिर प्रबंधन समिति ने आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में गुलाल और किसी भी प्रकार का रंग ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन के अनुसार यदि कोई व्यक्ति प्रतिबंध के बावजूद गुलाल या रंग के साथ मंदिर परिसर में पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से लिया गया है।

Mahakaleshwar Temple : केवल समिति द्वारा उपलब्ध होगा पूजन सामग्री

समिति ने स्पष्ट किया है कि होली के दिन श्रद्धालु अपने साथ गुलाल या रंग लेकर मंदिर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। बाबा महाकाल के पूजन के लिए आवश्यक गुलाल मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से ही उपलब्ध कराया जाएगा और उसकी मात्रा पूर्व निर्धारित रहेगी। साथ ही, पुजारी और उनके परिवार के सदस्य भी निजी तौर पर गुलाल या रंग लेकर मंदिर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। मंदिर परिसर में गुलाल उड़ाना, रंगों से होली खेलना या होलिका दहन करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

Mahakaleshwar Temple : प्रतीकात्मक रूप से मनाई जाएगी होली

मंदिर प्रशासन के अधिकारी प्रथम कौशिक ने बताया कि महाकाल मंदिर में होली का उत्सव परंपरागत रूप से प्रतीकात्मक रूप में मनाया जाता है। बाबा महाकाल को गुलाल अर्पित करने की परंपरा है, जिसे समिति द्वारा उपलब्ध कराए गए गुलाल से ही आरती के दौरान संपन्न किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं, कर्मचारियों और पुजारियों सहित किसी को भी मंदिर के भीतर बाहरी रंग या संबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने सभी भक्तों से नियमों का पालन करने की अपील की है।

Tags:    

Similar News