MP News : भोपाल। मप्र कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित होने वाली नर्सिंग, पैरामेडिकल और समकक्ष पदों पर होने वाली भर्ती परीक्षा अब अगले साल होगी। इसके आवेदन 30 दिसंबर से भरे जाएंगे। मंडल ने इसकी नई तारीखों का निर्धारण कर दिया है। इससे पहले इन पदों को भरे जाने के लिए 26 नवंबर से 10 दिसंबर तक आवेदन बुलाए गए थे। बाद में इस प्रक्रिया को निरस्त कर दिया था। अब दोबारा आवेदन बुलाए जा रहे हैं। इसके तहत 30 दिसंबर से 13 जनवरी 2025 तक आवेदन भरे जाएंगे। मप्र कर्मचारी चयन मंडल ने समूह 5 के अंतर्गत नर्सिंग स्टॉफ, पैरा मेडिकल स्टॉफ और समकक्ष पदों के लिए भर्ती आवेदनों की नई तारीख जारी कर दी है।

MP News : पहले यह परीक्षा 881 खाली पदों के लिए हो रही थी। अब पदों की संख्या बढ़ाकर 1170 कर दी है। इस भर्ती परीक्षा में 289 नए पदों को जोड़ दिया। गौरतलब है कि कई विभागों के पदों को इसमें शामिल नहीं किया गया था। इसके चलते आवेदन प्रक्रिया को रोक दिया था। अब दोबरा नए पद जोड़कर आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इससे पहले दो भर्ती परीक्षाएं कर्मचारी चयन मंडल करा चुका है। इनमें से एक परीक्षा के परिणाम जारी हो चुके हैं। सरकार हर विभाग के खाली पदों को भरने में जुटी है।

MP News : प्रदेश के सरकारी विभगों के खाली पदों को भरने के लिए कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से परीक्षाएं कराई जाती हैं। साल की शुरुआत में ही मंडल संभावित भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर देता है। इसके मुताबिक इस साल मंडल को 10 भर्ती परीक्षाएं करानी थीं। इनमें से मंडल अब तक सिर्फ दो भर्ती परीक्षाएं ही करा पाया है। तीसरी भर्ती परीक्षा अगले साल होगी। 8 भर्ती परीक्षाओं की तो तारीख तक जारी नहीं हो पाई है। ऐसे में तय है कि इस साल के आखिर तक ये भर्ती परीक्षाएं मंडल नहीं करा पाएगा।

Tags: