Cyber Fraud : मुंबई-पुणे से दो साइबर ठग गिरफ्तार, बैंक मैनेजर और पार्ट-टाइम जॉब ठगी के मास्टरमाइंड चढ़े पुलिस के हत्थे
दोनों आरोपियों ने मिलकर लोगों से करीब 34 लाख रुपये की ठगी की थी।
Cyber Fraud : रायपुर। ऑपरेशन “साइबर शील्ड” के तहत रायपुर रेंज साइबर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों में दो अंतरराज्यीय आरोपियों को मुंबई और पुणे से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने मिलकर लोगों से करीब 34 लाख रुपये की ठगी की थी।
पहले मामले में, एसबीआई बैंक प्रबंधक को फिक्स्ड डिपॉजिट का झांसा देकर 17.82 लाख रुपये की ठगी की गई थी। आरोपी की पहचान सरफराज अंसारी 20 वर्ष, कुशीनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई, जो वारदात के बाद पुणे में छिपा हुआ था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया और पीड़ित को पूरी राशि वापस दिलाई गई।
दूसरे मामले में, ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर 16 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ। आरोपी मयूर जोशी 29 वर्ष, उल्हासनगर, महाराष्ट्र ने पीड़ित को गूगल रिव्यू लिखने के झांसे में फंसाया, पहले छोटी रकम देकर भरोसा जीत लिया और बाद में लाखों रुपये हड़प लिए। साइबर टीम ने मुंबई में छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर की गई।
उन्होंने साइबर अपराधों में सक्रिय गिरोहों पर नकेल कसने के लिए विशेष रणनीति तैयार की थी। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत यह अब तक की सबसे बड़ी गिरफ्तारी मानी जा रही है। पुलिस को दोनों आरोपियों से कई अहम दस्तावेज, बैंक डिटेल्स और मोबाइल डिवाइस भी मिले हैं। रायपुर रेंज साइबर थाना अब इस मामले की जांच कर रहा है ताकि गिरोह के बाकी सदस्यों तक भी पहुंचा जा सके।