Smriti Irani Chhattisgarh Visit: स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को आएंगी रायपुर, दो दिन चलेंगी मैराथन बैठकें, मिशन 2028 का तय होगा रोड मैप
Smriti Irani Chhattisgarh Visit: छत्तीसगढ़ बीजेपी की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर से दो दिवसीय दौरे पर रायपुर आ रही हैं। मिशन 2028 को लेकर बैठकों का दौर चलेगा। जानें पूरी डिटेल।
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का छत्तीसगढ़ दौरा तय हो गया है। सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के साथ वह आगामी 25 अक्टूबर से दो दिवसीय प्रवास पर राजधानी रायपुर पहुंचेंगी। एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत के बाद उनका सीधा रुख कुशाभाऊ ठाकरे परिसर (प्रदेश भाजपा कार्यालय) की ओर होगा, जहाँ लगातार दो दिनों तक बैठकों का दौर चलेगा।
सीएम मंत्री और जनप्रतिनिधियों की होगी अहम बैठक
इस दो दिवसीय मैराथन प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, दोनों उपमुख्यमंत्री (अरुण साव और विजय शर्मा), सभी कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और पार्टी के सभी मोर्चों के अध्यक्ष व संयोजक शामिल होंगे।
बैठकों की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और नवनियुक्त संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के साथ चर्चा से होगी। इसके बाद अलग-अलग सत्रों में कोर ग्रुप, संभाग व जिला प्रभारियों के साथ बैठकें की जाएंगी।
मिशन 2028 और पुराने नेताओं को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
बीजेपी प्रदेश प्रभारी यह दौरा 'मिशन 2028' के मद्देनजर बेहद खास है। सबसे बड़ा आकर्षण यह है कि पार्टी के ऐसे पुराने दिग्गज नेता, जिनके पास फिलहाल कोई संगठन जिम्मेदारी नहीं है, उनके साथ स्मृति ईरानी वन-टू-वन चर्चा करेंगी। माना जा रहा है कि इन वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी संगठन में कोई बड़ी और अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।