Raipur City News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भाटागांव स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक खड़ी बस के अंदर कंडक्टर का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 42 वर्षीय वसीम मोहम्मद के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही टिकरापारा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

खड़ी बस के अंदर मिला कंडक्टर का शव

जानकारी के मुताबिक, घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र के भाटागांव अंतरराज्यीय बस स्टैंड की है। शनिवार दोपहर रायपुर बस सर्विस की खड़ी बस क्रमांक CG 07 CW 9712 के अंदर वसीम मोहम्मद का शव फंदे से लटका मिला। वह बस में कंडक्टर के रूप में काम करता था। बस के अंदर शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से बस संचालन से जुड़े कर्मचारियों और यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।

मध्यप्रदेश के बालाघाट का रहने वाला था मृतक

मृतक वसीम मोहम्मद मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के ग्राम बरवैली का निवासी था। घटना की सूचना मिलने के बाद टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फोरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मौत की वजह तलाश रही पुलिस

वसीम ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथी कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है, वहीं मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। परिजन रायपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक किसी तनाव या दबाव में था या नहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में जांच जारी है।

Tags: