भोपाल। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के आरोपों को लेकर भाजपा ने उन पर पलटवार किया है। सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने पत्रकारों से चर्चा में कहा, कांग्रेस नेता अपनी गुटबाजी और कुर्सी बचाने के लिए जनता को भ्रमित न करें। प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार किसी मोर्चे पर असफल नहीं रही है। सारंग ने प्रदेश सरकार द्वारा कर्ज लेने को लेकर कहा कि कांग्रेस ने 40 हजार करोड़ से ज्यादा का कर्ज लेने की बात कही है, जबकि सरकार ने 25 हजार करोड़ का कर्ज लिया है।

इस दौरान सारंग ने कमलनाथ सरकार के दौरान लिए गए कर्ज के बारे में भी जानकारी दी। सारंग ने प्रदेश सरकार द्वारा निवेश को लेकर किए गए कामों के बारे में भी जानकारी दी है। इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अभी तक जो निवेश प्रस्ताव आए हैं, उससे प्रदेश में लगभग 4 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर सृजित होंगे। सारंग ने कहा कि कांग्रेस ने संकल्प पत्र की बात कही।

हमारे संकल्प पत्र में हमने 456 पर काम करना था, उनमें से 310 संकल्पों पर काम शुरू हो चुका है और उनमें से 50 संकल्प पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अच्छा लगता कि जीतू पटवारी एवं उमंग सिंघार ने लगभग मप्र के साथ ही बनी तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और कनार्टक सरकार के बारें में भी बात की होती। वहां सरकारी कर्मचारियों को वेतन देने के लाले पड़े हैं। उनका एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। प्रदेश में तबादला को लेकर भ्रष्टाचार की बात कांग्रेस नेताओं ने कही है, सारंग ने कहा कि लगभग एक वर्ष से मोहन सरकार में तबादलों पर बैन लगा है।

Tags: