विजयपुर उपचुनाव में आदिवासियों पर हुए अत्याचार को लेकर कांग्रेस ने बनाई जांच समिति
विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में आदिवासियों पर गुंडों-बदमाशों द्वारा गोलियां चलाए जाने की घटना की जांच के लिए कांग्रेस ने समिति का गठन किया है।
By : Rohit Banchhor
Update: 2024-11-15 10:01 GMT
MP News : भोपाल। विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में आदिवासियों पर गुंडों-बदमाशों द्वारा गोलियां चलाए जाने की घटना की जांच के लिए कांग्रेस ने समिति का गठन किया है। श्योपुर जिले के विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले 13 नवम्बर को हुए उपचुनाव के मतदान के एक दिन पूर्व गुंड़ों-बदमाशों द्वारा धनाचया के आदिवासी गांव में आदिवासियों पर अंधाधुंध गोलियां चलाये जाने की घटना को अंजाम दिया गया था। वहीं मतदान के बाद विजयपुर के ही गोहटा गांव में रात्रि में बदमाशों द्वारा दलित बस्ती के घरों में तोड़फोड़ की गई, किसानों की फसलें जला दी गईं और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिये जाने की घटना को अंजाम दिया गया।
MP News : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा सभी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुये घटनाओं की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है। पटवारी ने समिति के सदस्यों को निर्देशित किया है कि वे शीघ्र ही संयुक्त रूप से घटना स्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों, घटना में घायल हुये पीड़ितों एवं स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर घटना की वास्तविक स्थिति का जायजा लेकर प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपे। समिति में विधायक फूलसिंह बरैया, पूर्व मंत्री लाखनसिंह यादव, लोकसभा चुनाव 2024 के प्रत्याशी सत्यपाल सिंह (नीटू) सिकरवार, मप्र कांग्रेस अजा विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार और मप्र कांग्रेस अजजा विभाग के अध्यक्ष रामू टेकाम को समिति का सदस्य बनाया गया है।