CG Naxal News : नारायणपुर। जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। हाच्चेकोटी के जंगल में नारायणपुर पुलिस और BSF की संयुक्त टीम ने सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले छिपाकर रखे गए हथियार, कारतूस और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया है।

जानकारी के मुताबिक, 2 सितंबर 2026 को संयुक्त टीम हाच्चेकोटी के जंगल में सर्च अभियान पर निकली थी। सघन तलाशी के दौरान जवानों को एक संदिग्ध स्थान मिला, जहां जांच करने पर पुराना नक्सली डंप बरामद हुआ।

बरामद सामान में जंग लगी .315 राइफल, अलग-अलग हथियारों के कुल 41 कारतूस, 6 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 2 बंडल कॉर्डटेक्स शामिल हैं। इसके अलावा नक्सली साहित्य, फ्लेक्सिबल वायर, एलईडी लाइट और अन्य सामग्री भी मिली है।

सुरक्षा बलों ने बरामद हथियार और विस्फोटक सामग्री को कब्जे में लेकर इलाके में सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान तेज कर दिया है। दुर्गम जंगल क्षेत्रों में पुराने नक्सली डंप की तलाश लगातार जारी है।

Tags: