Headmaster Suspended : शराब के नशे में स्कूल पहुंचे प्रधानपाठक, शिक्षा विभाग ने जारी किया निलंबन आदेश
कांकेर के मंगहूर प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधानपाठक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप, FIR दर्ज होने के बाद संयुक्त संचालक ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित।

Headmaster Suspended : भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले में शिक्षा विभाग की अनुशासन व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। दुर्गूकोंदल विकासखंड के मंगहूर प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस FIR दर्ज होने के बाद अब शिक्षा विभाग ने भी सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। घटना की जानकारी सामने आने के बाद उनके खिलाफ बड़गांव पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त संचालक ने निलंबन आदेश जारी कर प्रधानपाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
गौरतलब है कि जिला कलेक्टर कुंदन कुमार जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने के लिए लगातार निर्देश दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


