CG Crime : नाबालिगों को डराकर घर से जेवर-नकदी मंगवाने का आरोप, पति-पत्नी गिरफ्तार
गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय बच्ची को डराने-धमकाने का आरोप, घर से सोने के जेवर और नकदी मंगवाने के मामले में पुलिस ने दोनों को पकड़ा
CG Crime : रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चों को डराने-धमकाने और ब्लैकमेल कर घर से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी मंगवाने के आरोप में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दंपती बच्चों को अपने प्रभाव में लेकर घर में रखे कीमती सामान उन तक पहुंचवाते थे।
मामले की शुरुआत गुढ़ियारी निवासी सोनम साहू की शिकायत से हुई। शिकायत के मुताबिक, प्रीतम नगर बड़ा अशोक नगर इलाके में रहने वाली वंदना साहू उसकी 11 वर्षीय भांजी को पहले से जानती थी। आरोप है कि वंदना ने बच्ची को डराने-धमकाने और ब्लैकमेल करने के बाद अपने प्रभाव में ले लिया।
परिजनों के अनुसार, बच्ची ने घर से सोने के कान के झुमके और चैन निकालकर वंदना को दे दिए। इसके बाद 2 सितंबर को उसने अपनी नानी का रानीहार भी आरोपी महिला को दे दिया। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि डर के कारण वह घर में रखे जेवर और समय-समय पर नकदी भी वंदना को देती थी। शिकायत में वंदना के पति दीपक पर भी इस मामले में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत मिलने के बाद गुढ़ियारी पुलिस ने अपराध क्रमांक 390/26 दर्ज कर BNS की धारा 308(2) और 3(5) के तहत जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने नाबालिग और परिजनों से पूछताछ के साथ आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
जांच के दौरान पुलिस ने वंदना साहू और उसके पति दीपक साहू को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के कान के टॉप्स और चैन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंदना साहू (26) और उसके पति दीपक साहू (29) के रूप में हुई है। दोनों प्रीतम नगर, बड़ा अशोक नगर, गुढ़ियारी, रायपुर के निवासी बताए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।