Raipur City Crime : राजधानी में बढ़ा जिला बदर का एक्शन, 14 बदमाशों को 6 जिलों से किया बाहर, 16 और रडार पर
त्योहारी सीजन को देखते हुए अब तक 14 बदमाशों को तीन से चार महीने के लिए जिला बदर किया गया है, जबकि 16 अन्य के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।

Raipur City Crime : मनीष बाघ, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खंगालने और उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई का सिलसिला तेज हुआ है। इस बार त्योहारी सीजन में जिला बदर की कार्रवाई ने भी रफ्तार पकड़ी है। अब तक 14 गुंडे-बदमाशों को तीन से चार महीने के लिए छह जिलों की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया गया है। वहीं, 16 अन्य बदमाशों पर भी जिला बदर की कार्रवाई की तैयारी बताई जा रही है।
आखिर क्यों की जा रही जिला बदर की कार्रवाई?
पुलिस की कार्रवाई के दायरे में ऐसे आदतन अपराधी हैं, जिनके खिलाफ मारपीट जैसे सामान्य मामलों के अलावा हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखना और त्योहारी सीजन में आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
थाना क्षेत्रों के हिसाब से सामने आए नाम
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जिला बदर की कार्रवाई के दायरे में आए बदमाशों के नाम इस प्रकार हैं:
- गुढ़ियारी: अविनाश कोसले, विनेश तूरकाने
- मौदहापारा: मुस्कान रात्रे
- टिकरापारा: राजकुमार उर्फ वेतन साहू, मोहम्मद गनी, महेश उर्फ महेशू, मोनिका सचदेव
- खमतराई: हेमंत साहे
- डीडी नगर: ओम दुबे, सन्नी ध्रुव
- उरला: विकास उर्फ भीम उर्फ रावण
- सिविल लाइन: दिलकश अली
- खम्हारडीह: रफीक खान उर्फ भुरू
- पंडरी: गोकूल नंदन साहू
16 अन्य बदमाशों पर भी कार्रवाई की तैयारी
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की नजर अब उन 16 अन्य संदिग्ध आदतन अपराधियों पर है, जिनके खिलाफ जिला बदर की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है। यदि यह कार्रवाई पूरी होती है, तो राजधानी में जिला बदर किए गए अपराधियों की संख्या और बढ़ जाएगी।


