ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए राज्यपाल रमेन डेका, 688 विद्यार्थियों को मिली डिग्री, 84 मेधावियों का सम्मान

ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय

Update: 2026-08-01 13:02 GMT

रायगढ़। ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय का छठवां दीक्षांत समारोह शनिवार को गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ। समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिंदल स्टील लिमिटेड के चेयरमैन एवं सांसद नवीन जिंदल, विश्वविद्यालय की चांसलर शालू जिंदल, छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार गोयल, जिंदल स्टील रायगढ़ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर देबोज्योति रॉय समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। समारोह में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट और साइंस संकाय के 688 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 84 विद्यार्थियों को 27 स्वर्ण, 28 रजत और 29 कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया।


राज्यपाल बोले- समाज के लिए स्थायी योगदान दें

राज्यपाल रमेन डेका ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि ज्ञान का उपयोग समाज और मानवता के कल्याण के लिए करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जीवन में कम से कम एक ऐसा कार्य जरूर करें, जिससे समाज को स्थायी लाभ मिले। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुसंधान कार्यों की भी सराहना की।


नई तकनीकों में कौशल बढ़ाने पर जोर

नवीन जिंदल ने कहा कि आज देश को नवाचार और तकनीक में दक्ष युवाओं की जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स और अन्य उभरती तकनीकों में खुद को मजबूत बनाने की अपील की। वहीं शालू जिंदल ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि नए अवसरों की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से नैतिक मूल्यों और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।


वार्षिक उपलब्धियां भी रखीं सामने

कार्यक्रम की शुरुआत अकादमिक प्रोसेशन और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर.डी. पाटीदार ने वर्ष 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और अधोसंरचना के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। अंत में कुलसचिव डॉ. अनुराग विजयवर्गीय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनुराग विजयवर्गीय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मानविकी विभाग के प्राध्यापक डॉ. संजय कुमार सिंह ने किया, जबकि आयोजन का संयोजन डॉ. गिरीश चंद्र मिश्र, डीन, स्कूल ऑफ साइंस ने किया। बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सहभागिता ने समारोह को यादगार बना दिया।

Tags:    

Similar News