CG Weather News: आषाढ़ में ही सावन का अहसास, छत्तीसगढ़ में 2 दिन और झमाझम बारिश का अलर्ट, कई जिलों में रिकॉर्ड वर्षा
CG Weather News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने आषाढ़ के अंतिम दिनों में ही सावन जैसा रंग दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले एक सप्ताह से सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार तेज बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर रुक-रुककर हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार, यह मजबूत सिस्टम अभी कमजोर नहीं पड़ा है और अगले 48 घंटों तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जुलाई में सक्रिय हुआ यह दूसरा शक्तिशाली मानसूनी सिस्टम पूरे प्रदेश में व्यापक असर छोड़ रहा है। बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ हिस्सों को छोड़कर लगभग पूरा राज्य लगातार बारिश की चपेट में है। विभाग ने गुरुवार के लिए कोरबा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और जशपुर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 190 मिमी बारिश सूरजपुर में दर्ज की गई। इसके अलावा अंबिकापुर में 100 मिमी, रायपुर में 80 मिमी तथा रायगढ़, डोंगरगांव, बलौदाबाजार, राजनांदगांव और माना में लगभग 70-70 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
इस मानसून सीजन में अब तक सबसे अधिक वर्षा सारंगढ़ जिले में 613 मिमी दर्ज हुई है, जो सामान्य से 373 प्रतिशत अधिक है। मुंगेली (525 मिमी), जांजगीर-चांपा (574 मिमी) और बिलासपुर (492 मिमी) में भी सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं राजधानी रायपुर में अब तक 150 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य श्रेणी में है।
हालांकि प्रदेश में कुल औसत वर्षा 381 मिमी रही है, जो सामान्य से अभी भी 17 प्रतिशत कम है। राज्य के 11 जिलों में बारिश की कमी बनी हुई है। इनमें कांकेर, सरगुजा, कोंडागांव और मोहला-मानपुर जैसे जिले शामिल हैं, जहां सामान्य से 40 से 50 प्रतिशत तक कम वर्षा दर्ज की गई है।