CG News : ओवरटेक के चक्कर में बेकाबू हुआ ट्रक, खेत में मवेशी निकाल रही महिला की मौत, 2 कार सवार घायल
कंगलामांझी कॉलेज के पास ट्रक ने महिला को कुचला, कार को भी मारी टक्कर; हादसे के बाद खेत में पलटा वाहन, चालक के नशे में होने की जांच जारी
CG News : बालोद। जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कंगलामांझी कॉलेज के पास तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा पलटा। हादसे में मवेशियों को खेत से बाहर निकाल रही एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक की चपेट में आने से कार सवार दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक CG 05 AG 6422 आयरन ओर लेकर डौंडी की ओर से गीधाली माइंस जा रहा था। कंगलामांझी कॉलेज के पास चालक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खेत में मवेशियों को बाहर निकाल रही औराटोला निवासी दुलारा बाई भैसारा (60) ट्रक की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कार भी आई ट्रक की चपेट में
हादसे के दौरान सामने से आ रही CG 24 S 4966 नंबर की कार के चालक ने ट्रक को अनियंत्रित देखकर वाहन को किनारे करने का प्रयास किया। लेकिन कार भी ट्रक की चपेट में आ गई और सड़क किनारे खेत में जा गिरी। टक्कर के बाद ट्रक भी पलट गया। हादसे में कार सवार दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
चालक के नशे में होने की भी जांच
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ ट्रक चालक के शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप की भी जांच कर रही है। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।