CG News : दल से बिछड़े हाथी का जानलेवा हमला, खेत से लौट रहे किसान को पटक-पटककर मार डाला

Update: 2026-08-01 09:32 GMT

CG News : कोरबा। जिले में एक बार फिर जंगली हाथी का आतंक देखने को मिला है। करतला वन परिक्षेत्र के बड़मार जंगल में दल से बिछड़े एक अकेले हाथी ने खेत से लौट रहे किसान पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है।

जानकारी के मुताबिक, बड़मार गांव निवासी 53 वर्षीय जगेश्वर राठिया खेत में काम करने के बाद घर लौट रहे थे। गांव से करीब दो किलोमीटर अंदर जंगल के रास्ते में उनका सामना पिछले कई दिनों से इलाके में घूम रहे लोनर हाथी से हो गया। अचानक हुए हमले में किसान को संभलने का मौका नहीं मिला और हाथी ने उसे कुचलकर मार डाला।

कुछ देर बाद खेत में काम कर रहे अन्य किसानों की नजर जगेश्वर पर पड़ी। उन्होंने तुरंत परिजनों और वन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की।

करतला रेंजर अक्ष ऋषि ने बताया कि हमला करने वाला हाथी पिछले तीन दिनों से बड़मार जंगल और आसपास के गांवों में विचरण कर रहा है। वन विभाग ने पहले भी मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया था और घटना के बाद एक बार फिर आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया जा रहा है।

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

वन विभाग ने किसानों और ग्रामीणों से जंगल या खेतों में अकेले नहीं जाने तथा हाथी की मौजूदगी की सूचना मिलते ही सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है। विभाग ने बताया कि मृतक के परिजनों का बयान दर्ज कर नियमानुसार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Tags:    

Similar News