Raipur City Crime : ट्रक में छिपाकर लाया जा रहा 191 किलो गांजा जब्त, पश्चिम बंगाल के दो तस्कर गिरफ्तार
Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तेलीबांधा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से 191 किलो गांजा बरामद किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 19.10 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पश्चिम बंगाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अग्रसेन धाम के पास सर्विस रोड पर एक अशोक लीलैंड ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक के भीतर छिपाकर रखा गया 191 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गांजे के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान मोहम्मद लाल और मोहम्मद रूस्तम, दोनों निवासी पश्चिम बंगाल, को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी, इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।