CG Crime : खेत में रोपा लगाने के दौरान हुआ विवाद, नशे में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर की हत्या

कोरबा के बांगो थाना क्षेत्र में खेत में रोपा लगाने के दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि शराब के नशे में जगमोहन मंझवार ने पत्नी गंगोत्री बाई की....

Update: 2026-08-09 08:53 GMT

CG Crime : कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बांगो थाना क्षेत्र में खेत में रोपा लगाने के दौरान पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, ठाड़पखना निवासी गंगोत्री बाई मंझवार (35) शनिवार को अपने पति जगमोहन मंझवार के साथ खेत में रोपा लगाने गई थी। बताया जा रहा है कि काम के दौरान दोनों ने शराब का सेवन किया था। दोपहर में परिवार के अन्य सदस्य खेत से वापस लौट गए, जबकि गंगोत्री और जगमोहन वहीं मौजूद थे।

परिजनों के खेत से जाने के कुछ समय बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि जगमोहन ने गंगोत्री के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में महिला के सिर, माथे और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद जगमोहन मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बांगो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक, गंगोत्री और जगमोहन के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। परिवार ने पति के किसी अन्य महिला से संबंध होने की बात भी बताई है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Tags:    

Similar News