CG Crime : 1 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, 46 लाख का सोना-चांदी बरामद
सीतापुर पुलिस और साइबर सेल ने 500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले, 10 दिन के सर्च ऑपरेशन के बाद ओडिशा के गंजाम से 46 लाख का माल बरामद; अन्य आरोपियों की तलाश जारी
CG Crime : अंबिकापुर। सीतापुर में ज्वेलर्स से करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण से भरा बैग चोरी होने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीतापुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में करीब 500 CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और ओडिशा के गंजाम जिले तक पहुंचकर चोरी का माल बरामद किया।
10 दिन तक चला सर्च ऑपरेशन
पुलिस ने CCTV फुटेज के साथ तकनीकी विश्लेषण को आधार बनाकर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद टीम ने ओडिशा के गंजाम जिले में करीब 10 दिनों तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।जांच के दौरान पुलिस आरोपियों के घर तक पहुंची, जहां से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
46 लाख का माल बरामद
पुलिस ने आरोपी के घर से करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 43 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये है, भी जब्त किए गए। इस तरह पुलिस ने अब तक करीब 46 लाख रुपये का सोना-चांदी बरामद कर लिया है।
दो आरोपियों की पहचान, बाकी की तलाश जारी
पुलिस जांच में चांटी दास और नागेश्वर राव के नाम सामने आए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। करीब 1 करोड़ रुपये की ज्वेलरी उठाईगिरी के इस मामले में पुलिस अब तक चोरी के माल का एक बड़ा हिस्सा बरामद कर चुकी है। बाकी सामान और अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।