CG Crime : बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पहुंचा मकान मालिक, कमरे में फंदे पर मिले पति-पत्नी के शव

बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र की घटना, दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था दंपती; पुलिस और FSL टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच।

Update: 2026-08-11 08:09 GMT

CG Crime : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड नंबर 12 में मंगलवार सुबह किराए के मकान में पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का पता उस वक्त चला, जब उनके दोनों बच्चों के रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक कमरे तक पहुंचे।

मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और माया बंजारा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जामकछार के रहने वाले थे। वे अपने दो बच्चों के साथ बिलासपुर में किराए के मकान में रह रहे थे। रमेश औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में काम करता था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 5 बजे दोनों बच्चों के लगातार रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मकान मालिक रमेश कुमार साहू उनके कमरे के पास पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गए। कमरे में पति-पत्नी के शव फंदे पर लटके मिले।

मकान मालिक ने तत्काल परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एफएसएल टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पति-पत्नी ने यह कदम क्यों उठाया।

Tags:    

Similar News