CG Crime : डकैती की तीन वारदातों का खुलासा, चार आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
कोरबा में बलगी सबस्टेशन, सूराकछार और दीपका खदान में हुई लूट का खुलासा, एक नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
CG Crime : कोरबा। जिले में बांकीमोंगरा पुलिस ने डकैती की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है, जबकि कुछ संदिग्ध अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बलगी सबस्टेशन और सूराकछार खदान के अलावा दीपका थाना क्षेत्र की दीपका खदान में डकैती की घटनाएं हुई थीं। आरोप है कि बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट कर नगदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया था। लगातार हुई वारदातों के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों को आधार बनाया। सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग को भी पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों में राजपाल चौहान (22) जामनीमूड़ा, पाली, फिरोज मेमन (27) भिलाईबाजार, हरदीबाजार, निकेश कुमार कश्यप (21) शुक्लाखार, बांकीमोंगरा व होरीलाल केवट (24) शांतिनगर, कुसमुंडा है।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के जरिए वारदातों में शामिल अन्य लोगों और फरार आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।