पारदी युवक की पुलिस कस्टडी में मौत का मामला, दोषी पुलिसकर्मियों को सजा की मांग लेकर भोपाल पहुंचे परिजन
पारदी समुदाय के प्रदर्शन से अब कुछ एनजीओ भी जुड़ गए हैं। दलितों के लिए काम करने वाले एनजीओ का आरोप है
By : Vpb
Update: 2024-08-16 06:06 GMT
भोपाल। बीते महीने गुना पुलिस कस्टडी में हुई एक पारदी समुदाय के दूल्हे की मौत के बाद अब परिजनों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मृतक दूल्हे के परिजन पारदी समुदाय के साथ बड़ी संख्या में भोपाल पहुंचे हैं और पुलिसकर्मियों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। शहर के यादगार ए शाहजानी पार्क में रोते बिलखते परिजनों ने बताया कि उनके बेटे को घोड़ा चढ़ने से पहले पुलिस पूछताछ के बहाने से उठा कर ले गई थी, इसके बाद पुलिस ने पीट पीट कर उसकी हत्या की है।
वह लगातार दोषियों पर कार्रवाई को लेकर जनसुनवाई में अपनी बात रखना चाह रहे हैं लेकिन बड़े अधिकारियों का दबाव होने के चलते उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। पारदी समुदाय के प्रदर्शन से अब कुछ एनजीओ भी जुड़ गए हैं। दलितों के लिए काम करने वाले एनजीओ का आरोप है कि जिस दलित युवक को पुलिस ने मारा है। दोषी पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई करना चाहिए साथ ही उनके ऊपर हत्या का मुकदमा भी दर्ज होना चाहिए। गौरतलब है कि बीते महीने एमपी के गुना जिले में पुलिस कस्टडी में एक दूल्हे की मौत का मामला सामने आया था। दूल्हे की मौत के बाद परिजनों ने थाने में जमकर हंगामा किया था। दुल्हन ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की तो दूल्हे की चाची ने खुद को आग लगा ली थी। तब पुलिस ने मामला शांत कराकर परिजनों को घर भेजा। इसके बाद बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंच गई थी।
वहां पुलिस और लोगों के सामने महिलाओं ने अपने कपड़े उतार दिए थे। उसके बाद से ही दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का केस दर्ज करवाने को लेकर परिजन हंगामा कर रहे हैं। जब गुना में बात नहीं बनी तो परिजनों ने अब भोपाल का रुख किया है, भोपाल में दोषी पुलिसकर्मियों को सजा देने की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए रोते-बिलखते प्रदर्शन करते देखे जा सकते हैं।