Bihar: बिहार में निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा गिरा, कई मजदूर घायल, पटना-समस्तीपुर को जोड़ेगा यह ब्रिज

By :  Vpb
Update: 2026-07-04 10:30 GMT

Bihar: पटना: बिहार के समस्तीपुर जिले में ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन परियोजना के तहत बन रहे गंगा पुल पर निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मोहनपुर थाना क्षेत्र में पिलर नंबर-38 के पास सेंटरिंग फेल होने से पुल के स्लैब का एक हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे के समय वहां कई मजदूर काम कर रहे थे, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

5 से 6 मजदूर घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेंटरिंग प्लेट चढ़ाते समय अचानक ढांचा कमजोर पड़ गया। इससे दो मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर गए, जबकि अन्य मजदूर भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे में करीब 5 से 6 मजदूरों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। चार मजदूरों का इलाज शाहपुर पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि कुछ अन्य का उपचार निजी अस्पतालों में किया जा रहा है।

हादसे की जांच शुरू

पुलिस और प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंच रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का सही तरीके से पालन किया गया था या नहीं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी।

Tags:    

Similar News