Chamoli Tunnel Accident : चमोली टनल हादसा में 7 मजदूरों की मौत, 11 घायल, 6 अब भी लापता
उत्तराखंड की निर्माणाधीन मायापुर–पीपलकोटी टनल में पानी और मलबा घुसने से मचा हड़कंप, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी; छत्तीसगढ़ और झारखंड के मजदूर भी प्रभावित
Chamoli Tunnel Accident : चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन मायापुर-पीपलकोटी टनल में गुरुवार शाम अचानक पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में छत्तीसगढ़ और झारखंड के 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 11 श्रमिक घायल बताए जा रहे हैं। वहीं 6 मजदूर अभी भी लापता हैं। राहत और बचाव दल लापता श्रमिकों की तलाश में जुटे हुए हैं।
अचानक टनल में भर गया पानी और मलबा
विष्णुगाड-पीपलकोटी पनबिजली परियोजना की निर्माणाधीन टनल में गुरुवार शाम अचानक भूस्खलन के साथ पानी और मलबा तेजी से अंदर घुस गया। उस वक्त बड़ी संख्या में मजदूर टनल के भीतर काम कर रहे थे। देखते ही देखते हालात बिगड़ गए और मजदूरों के सामने सुरक्षित बाहर निकलने की चुनौती खड़ी हो गई। जिला प्रशासन के मुताबिक राहत अभियान के दौरान 22 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि हादसे में कई श्रमिक हताहत और घायल हुए हैं।
अलग-अलग राज्यों के मजदूर हुए प्रभावित
हादसे में घायल 11 श्रमिकों में झारखंड के 5, बिहार के 2, छत्तीसगढ़ के 2 तथा पंजाब और हिमाचल प्रदेश के 1-1 मजदूर शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे ने एक बार फिर निर्माणाधीन सुरंगों में श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घायल मजदूर ने बताई हादसे की आंखोंदेखी
हादसे में घायल छत्तीसगढ़ निवासी सुनील दीवान ने बताया कि वह टनल के भीतर सरिया बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भूस्खलन हुआ और पानी व मलबा तेजी से टनल में आने लगा। कुछ ही पलों में स्थिति बेहद भयावह हो गई।
फिलहाल प्रशासन और बचाव दल का पूरा ध्यान लापता 6 मजदूरों को तलाशने और फंसे श्रमिकों तक पहुंचने पर है। हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जांच भी की जा रही है।