UP Crime : घरेलू विवाद में पति ने की पत्नी की हत्या, दो छोटे बच्चे मां के शव के पास मिले रोते, जानें क्या है वजह
शाहजहांपुर में दिल्ली जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी और छह साल के बेटे को लेकर फरार हो गया।
UP Crime : शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के अल्हागंज कस्बे में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि अवनीश ने अपनी पत्नी सुशीला (30) पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी अपने छह वर्षीय बेटे को लेकर फरार हो गया, जबकि चार साल की बेटी और डेढ़ साल का बेटा घर में ही रह गए।
दिल्ली जाने को लेकर हुआ था विवाद
परिजनों के मुताबिक, सुशीला अपने मायके पक्ष और रिश्तेदारों से मिलने दिल्ली जाना चाहती थी, जबकि उसका पति उसे काम के सिलसिले में लुधियाना ले जाना चाहता था। बुधवार दोपहर इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि बहस के दौरान अवनीश ने सुशीला पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
पहले भी मारपीट के आरोप
मृतका की भाभी शालू ने आरोप लगाया कि अवनीश शराब पीने के बाद सुशीला के साथ मारपीट करता था। परिजनों के अनुसार, प्रताड़ना से परेशान होकर सुशीला करीब दो महीने पहले मायके चली गई थी। लगभग 15 दिन पहले दोनों परिवारों के बीच समझौता होने के बाद वह बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए ससुराल लौट आई थी।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कुल्हाड़ी बरामद की। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। मृतका के भाई की शिकायत पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की हैं।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद घर में मौजूद दोनों छोटे बच्चे अपनी मां के पास रोते-बिलखते मिले। वहीं, पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने के दौरान मायके पक्ष के लोगों ने विरोध जताया। अधिकारियों के समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।