UP Crime : पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 1.20 करोड़ की शराब, कंटेनर से 775 पेटी जब्त, 5 गिरफ्तार
चंदौली में अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में करीब 6,935 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर और ब्रेजा कार जब्त कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
UP Crime : डीडीयू नगर। चंदौली पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। अलीनगर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सिंघीताली पुल के पास चेकिंग के दौरान करीब 6,935 लीटर शराब जब्त की गई। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात सूचना मिली थी कि एक कंटेनर के जरिए अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर कटरिया-सिंघीताली पुल के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस पर ट्रक चढ़ाने का आरोप
पुलिस का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक ने पुलिस टीम को टक्कर मारने की कोशिश की। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने खुद को सुरक्षित करते हुए ट्रक को घेरकर रोक लिया। इसके बाद कंटेनर की तलाशी ली गई तो ऊपर की तरफ करीब 70 बोरी वॉल पुट्टी रखी मिलीं। पुलिस के अनुसार, पुट्टी की बोरियों के पीछे शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। तलाशी के दौरान कुल 775 पेटी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
बिहार में खपाने की थी तैयारी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शराब दिल्ली से लोड कर बिहार ले जाई जा रही थी। बिहार में शराबबंदी के कारण वहां इसे ऊंचे दाम पर बेचने की योजना थी। पुलिस अब शराब की सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
कंटेनर और ब्रेजा कार जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और ब्रेजा कार भी जब्त की है। पांचों आरोपियों के खिलाफ अलीनगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से मंगाई गई थी, इसे बिहार में किसे पहुंचाया जाना था और पूरे तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।