Teejan Bai : पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी श्रद्धांजलि, कहा- छत्तीसगढ़ ने अपनी सांस्कृतिक पहचान का अमूल्य रत्न खो दिया
कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे और महान लोक कलाकार को श्रद्धांजलि अर्पित की।
Teejan Bai : रायपुर। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने वाली विश्वविख्यात पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण सम्मान से अलंकृत डॉ. तीजन बाई को रविवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने डॉ. तीजन बाई के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें अंतिम नमन किया और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय कला-साधना, प्रभावशाली प्रस्तुति और विलक्षण प्रतिभा के बल पर पंडवानी जैसी लोककला को विश्व मंच तक पहुंचाया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयां दिलाईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका निधन केवल एक कलाकार का जाना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाली पीढ़ियां डॉ. तीजन बाई के कला-साधना, समर्पण और सांस्कृतिक योगदान से प्रेरणा लेती रहेंगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान श्याम बिहारी जायसवाल, पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे और महान लोक कलाकार को श्रद्धांजलि अर्पित की।