Apple में बड़ा बदलाव: टिम कुक बने एग्जीक्यूटिव चेयरमैन, जॉन टर्नस को मिली बड़ी जिम्मेदारी, जानिए कितने मिलियन डॉलर का मिलेगा पैकेज
Apple में बड़ा नेतृत्व बदलाव हुआ है। टिम कुक ने CEO पद छोड़कर कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली है। जॉन टर्नस को कंपनी का नया CEO बनाया गया है।
टेक डेस्क: टेक दिग्गज Apple में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। टिम कुक ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का पद छोड़ दिया है। अब वह कंपनी के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। वहीं, लंबे समय से Apple से जुड़े जॉन टर्नस को नया CEO नियुक्त किया गया है।
कुक को मिलेगा 47 मिलियन डॉलर का पैकेज
कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर कुक को करीब 47 मिलियन डॉलर (लगभग ₹446 करोड़) का वेतन पैकेज मिलेगा। इसमें 2 मिलियन डॉलर का बेस सैलरी और 45 मिलियन डॉलर के शेयर शामिल हैं। शेयरों का आधा हिस्सा प्रदर्शन लक्ष्यों से जुड़ा होगा, जबकि बाकी हिस्से का भुगतान अगले चार वर्षों में किया जाएगा।
टर्नस को 55 मिलियन डॉलर के शेयर
नए CEO जॉन टर्नस को 28.47 मिलियन डॉलर का बेस वेतन और करीब 55 मिलियन डॉलर (₹522 करोड़) के शेयर मिलेंगे। इन शेयरों की वास्तविक कीमत बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी। कुक को 2025 में CEO रहते हुए 74 मिलियन डॉलर से ज्यादा का कुल मुआवजा मिला था।
2011 में स्टीव जॉब्स की जगह ली थी
टिम कुक ने 2011 में स्टीव जॉब्स के बाद Apple CEO की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल में कंपनी के शेयर में करीब 2,200% की बढ़ोतरी हुई और Apple का बाजार मूल्य करीब 350 अरब डॉलर से बढ़कर 4.7 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया।
नई भूमिका में वैश्विक मामलों पर फोकस
कुक ने Apple की आधुनिक सप्लाई चेन को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई। अब कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर उनका फोकस वैश्विक नीति निर्माताओं से संबंधों पर रहेगा। इसमें अमेरिका के साथ-साथ चीन से जुड़े कारोबारी और कूटनीतिक मामलों की निगरानी भी शामिल होगी।
जॉन टर्नस का अनुभव
51 वर्षीय जॉन टर्नस इंजीनियर हैं और लंबे समय से Apple में काम कर रहे हैं। वह पहले हार्डवेयर इंजीनियरिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष थे। उन्होंने iPhone समेत कई प्रमुख Apple उत्पादों की इंजीनियरिंग में अहम भूमिका निभाई है।
नए CEO के सामने पहली बड़ी चुनौती
टर्नस का पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम 9 सितंबर 2026 को होने वाला Apple का वार्षिक iPhone इवेंट होगा। इसमें नए iPhone के साथ फोल्डेबल हैंडसेट, Apple Watch और AirPods के नए मॉडल पेश किए जाने की उम्मीद है। विश्लेषकों की नजर Apple के हार्डवेयर में AI के बढ़ते इस्तेमाल और टर्नस के नेतृत्व में नए उत्पादों पर रहेगी।