Sushasan Tihar 2026 : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले के ग्राम निमधा पहुंचकर प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करने की अनूठी पहल की। हेलिकॉप्टर से गांव पहुंचे मुख्यमंत्री ने किसी मंच या सभागार के बजाय पेड़ की छांव में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने राशन, आवास, पेंशन, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों से सीधे फीडबैक लिया। लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, वहीं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। ‘बिहान’ स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने आर्थिक आत्मनिर्भरता की अपनी सफलता की कहानी सुनाई, जिसे मुख्यमंत्री ने सराहा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें युवतियों के लिए नर्सिंग कॉलेज की स्थापना, खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए मिनी स्टेडियम का निर्माण, सामाजिक आयोजनों के लिए आधुनिक मंगल भवन तथा बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान की घोषणा शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को जनचौपाल में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण और घोषित विकास कार्यों पर शीघ्र अमल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के बीच गांव में पहुंचकर सीधे संवाद करने की पहल का स्वागत किया।

Tags: