Sukma IED Blast : रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए कायराना IED हमले में कोंटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आकाश राव गिरपुंजे शहीद हो गए, जबकि सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDOP) भानुप्रताप चंद्राकर और कोंटा थाना प्रभारी (TI) सोनल ग्वाला गंभीर रूप से घायल हो गए। सोमवार की शाम को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल पहुंचकर घायल अधिकारियों का हाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद, सीएम साय शहीद ASP आकाश राव गिरपुंजे के रायपुर स्थित निवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों को सांत्वना प्रदान की।

घायल अधिकारियों की स्थिति स्थिर-

मुख्यमंत्री साय ने अस्पताल में पत्रकारों से बातचीत में कहा, "SDOP भानुप्रताप चंद्राकर और TI सोनल ग्वाला का रामकृष्ण अस्पताल में बेहतर इलाज चल रहा है। दोनों अब खतरे से बाहर हैं। मैंने उनके परिजनों से मुलाकात की और डॉक्टरों को उच्चतम स्तर का उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।" घायल अधिकारियों को प्रारंभिक उपचार के लिए कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर एयरलिफ्ट किया गया।

शहीद ASP को श्रद्धांजलि, नक्सलियों को चेतावनी-

शहीद ASP आकाश राव गिरपुंजे के घर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, "आकाश राव एक साहसी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे, जिन्हें कई वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। उनकी शहादत छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए अपूरणीय क्षति है।" सीएम साय ने नक्सलियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, "छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बल नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं और लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं। इस बौखलाहट में नक्सलियों ने यह कायराना हमला किया, लेकिन उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे। वह दिन दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।"

Tags: